Betul Crime News : बैतूल शहर में आयोजित स्वदेशी मेले के दौरान शनिवार रात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए, जब पुलिस परेड ग्राउंड परिसर में चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई। गंज थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में 17 वर्षीय एक नाबालिग युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया।
घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान हर्ष उर्फ भूषण पिता कृष्णा आर्य, निवासी चन्द्रशेखर वार्ड, बैतूल के रूप में हुई है। बताया गया कि हर्ष मेला देखने गया था, इसी दौरान दो से तीन युवकों ने उसे रोक लिया। पहले उसके साथ गाली-गलौज की गई और फिर मारपीट शुरू कर दी गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार आरोपी युवकों ने हर्ष को मेले के पिछले हिस्से की ओर ले जाकर हमला किया, जहां उस समय लोगों की आवाजाही कम थी। वहां चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल युवक ने दिखाई हिम्मत, खुद पहुंचा थाने
हमले के बाद घायल हर्ष ने हिम्मत दिखाते हुए स्वयं गंज थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने देर रात करीब 12 बजे प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद युवक को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आरोपियों की पहचान के लिए मेले में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। घटना के चलते कुछ समय के लिए मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में डर का माहौल रहा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।Betul






