Betul Ki Khabar : बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में स्कूल परिसर में नाबालिग छात्रा द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की घटना में पुलिस जांच के दौरान अहम तथ्य सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि छात्रा अपने ही गांव के एक युवक की लगातार परेशानियों से मानसिक रूप से बेहद आहत थी, जिसके चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
पुलिस के मुताबिक आमढाना गांव निवासी मोहित यादव (18) छात्रा का लंबे समय से पीछा कर रहा था और उसके मना करने के बावजूद उसे परेशान करता रहा। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने स्कूल में मौजूद सोडियम सल्फेट का सेवन कर लिया। बताया गया है कि यह रसायन एक अन्य छात्र विज्ञान परियोजना के लिए स्कूल लेकर आया था।
घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन की सतर्कता से छात्रा को पहले घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की हालत अब खतरे से बाहर है और उपचार जारी है।
मामले की जांच कर रहीं अधिकारी आम्रपाली दहाट ने बताया कि प्रकरण छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न से जुड़ा हुआ है। आरोपी मोहित यादव के खिलाफ थाना रानीपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।






