Betul Accident : धाराखोह रेलवे क्रॉसिंग के पास जंगल में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, ट्रेन से गिरने की आशंका

On: December 13, 2025 10:08 AM
Follow Us:

Betul Accident : बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक संदिग्ध घटना सामने आई, जहां धाराखोह रेलवे क्रॉसिंग के समीप जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर “विनायकम स्कूल” लिखा हुआ टी-शर्ट मिला है। जब पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया तो जानकारी सामने आई कि यह स्कूल करीब सात वर्ष पहले बंद हो चुका है। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि मृतक बैतूल के ओझा ढाना क्षेत्र का निवासी हो सकता है अथवा कबाड़ बीनने का काम करता रहा हो।

थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि व्यक्ति ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ होगा और उपचार न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शव को पहचान के लिए घोड़ाडोंगरी में सुरक्षित रखवाया है। मृतक के परिजनों या पहचान सामने आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस मामले में मर्ग क्रमांक 55/25 दर्ज कर एडीएम सहित वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment