Betul Samachar: बैतूल। बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कनारा डोमा ढाना में शुक्रवार की रात एक जन्मदिन की पार्टी उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब डीजे पर डांस करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद चार अज्ञात युवकों ने मिलकर दो दोस्तों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में घायल एक युवक अर्जुन (21) की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने भोपाल रेफर कर दिया है।
पेट और कंधे पर गहरे घाव
घटना रात करीब 10:30 बजे की है, जब पार्टी में युवा नाच रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो चंद मिनटों में चाकूबाजी तक पहुँच गई। हमलावर चार लड़कों ने चाकू निकालकर बोथी निवासी अर्जुन (पिता गन्नू चौहान) पर हमला कर दिया। अर्जुन के पेट और कंधे पर चाकू के गहरे घाव लगे हैं। अधिक खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके चलते उसे तत्काल भोपाल रेफर किया गया।
हमलावरों ने अर्जुन के साथी निलेश (18, पिता बुद्धू नावड़े, निवासी बोथी) पर भी वार किए। निलेश को गर्दन और छाती पर चोटें आई हैं। उसका इलाज बैतूल जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने टीमें रवाना की
घटना के बाद घबराए ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया। सूचना मिलते ही खेड़ी चौकी प्रभारी राजेश सरियाम पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुँचे और घायलों के बयान दर्ज किए।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए देर रात ही विशेष टीमें रवाना कर दी हैं। चौकी प्रभारी सरियाम ने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।






