Betul Accident News : सापना घाट में नीलगाय से टकराई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत

On: December 13, 2025 6:24 AM
Follow Us:

Betul Accident News : बैतूल जिले के सापना घाट क्षेत्र में बैतूल–नागपुर हाईवे पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सापना बांध के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई। इस दुर्घटना में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक घायल हो गया।

मृतक की पहचान पधारू ढाना निवासी अंकित पिता शिवराम (21) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकित पेशे से ट्रैक्टर चालक था और अपने मित्र विनोद के साथ मुल्ताई में आयोजित ताप्ती मेले में जाने के लिए निकला था। रात के समय सापना बांध के पास अचानक नीलगाय सामने आ गई, जिससे बाइक संतुलन खो बैठी और हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद अंकित गंभीर रूप से घायल हालत में करीब एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। काफी देर बाद एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक चला रहा विनोद भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध हो जाती तो अंकित की जान बचाई जा सकती थी।

अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसके पिता मजदूरी कर घर चलाते हैं और उसकी तीन बहनें हैं। इस हादसे के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment