Betul Crime News : बैतूल। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। डिप्टी डायरेक्टर मनीष पालेवार के निर्देश पर विभागीय दल ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रेत, गिट्टी और मुरम ढो रहे कुल पाँच वाहनों को पकड़ लिया।
घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में जांच के दौरान तीन डंपर और एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। इनमें डंपर नंबर MP48H1609, MP40GA0540, RJ19GGF9549 और एक ट्रैक्टर शामिल रहा। सभी वाहन बिना अनुमति खनिज गिट्टी का परिवहन कर रहे थे।
इसी क्रम में मैसदेही के ग्राम रातामाटी में MP48AA4739 नंबर का एक ट्रैक्टर रेत ले जाते हुए मिला, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। सभी वाहनों को कार्रवाई के बाद संबंधित पुलिस चौकियों की सुपुर्दगी में भेज दिया गया है।
विभाग ने बताया कि वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ मध्यप्रदेश अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर निगरानी और कड़ी की जाएगी और आने वाले दिनों में ऐसी कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगी।






