Betul Accident : बैतूल में भीषण हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

On: December 9, 2025 8:02 AM
Follow Us:

Betul Accident : बैतूल के भोपाल हाईवे पर सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवारों को शोक में डाल दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के सातमऊ जोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान हर्षित उर्फ हेमंत धुर्वे (28) और गीतेश अहाके (19) के रूप में हुई है। दोनों टिकारी के गोंडी मोहल्ला क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे में घायल बंसीलाल उर्फ बंटी धुर्वे (20) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक कुप्पा में एक रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे। सातमऊ जोड़ के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि हर्षित और गीतेश ने वहीं दम तोड़ दिया। हादसे के बाद दोनों शवों को पाढर अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा गया और मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।

पाढर चौकी प्रभारी जगदीश रायकवार ने बताया कि पंचनामा तैयार कर शव परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हर्षित मजदूरी करता था, जबकि गीतेश दूध डेयरी में काम करता था। दोनों युवक ममेरे भाई थे। घटना से परिवार व क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment