Betul Ki khaber : मुलताई क्षेत्र के ग्राम खेड़लीबाजार में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब किसान नितिन गव्हाड़े के खेत में लगी गन्ने की फसल अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि चार एकड़ में लगी पूरी गन्नाबाड़ी राख में बदल गई।
धुआं उठता देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें रोक पाना मुश्किल हो गया। स्थिति बिगड़ती देख तत्काल नगरपालिका मुलताई की फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही राकेश बारंगे और भूपेंद्र सिंह राठौड़ की टीम फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
किसान नितिन गव्हाड़े ने बताया कि पूरी गन्नाबाड़ी आग की वजह से नष्ट हो गई है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।






