Betul Samachar : अयोध्या में धर्मध्वजा स्थापना के बाद अब रामलला की पवित्र धर्मध्वजा बैतूल लाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर राम जन्मभूमि न्यास के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रामविलास वेदांती 19 से 25 दिसंबर तक जिला मुख्यालय में रामकथा का वाचन करेंगे। कथा का आयोजन शिवाजी ऑडिटोरियम, स्टेडियम परिसर के पास होगा।
डॉ. वेदांती 17 दिसंबर की शाम बैतूल पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा के रूप में उन्हें हाउसिंग बोर्ड गंज स्थित संत निवास ले जाया जाएगा। अगले दिन 18 दिसंबर को दोपहर 1 बजे न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड में रामभक्त जुटेंगे। यहां से हनुमान मंदिर से कलश यात्रा और धर्मध्वजा यात्रा धूमधाम से प्रारंभ होगी।
यात्रा थाना चौक, लल्ली चौक, बस स्टैंड, राजा भोज चौक और शिवाजी चौक से गुजरते हुए ओपन ऑडिटोरियम पहुंचेगी। यहां धर्मध्वजा की अस्थायी स्थापना की जाएगी और सामूहिक आरती का आयोजन होगा।
कथा छह दिन तक प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक चलेगी। 25 दिसंबर को समापन दिवस पर कथा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी, जिसके बाद हवन और भंडारा रखा गया है। इसी शाम धर्मध्वजा को राम मंदिर में विधिवत स्थापित किया जाएगा।
इस बड़े धार्मिक आयोजन के लिए श्री रामलला रामकथा समिति का गठन किया गया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल संरक्षक के रूप में जुड़े हैं। समिति के सदस्यों ने आयोजन को लेकर ओपन ऑडिटोरियम में बैठक की, जिसमें सुनील द्विवेदी सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






