Betul Crime : बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए एक विवाद ने चाकूबाजी का रूप ले लिया, जिसमें दो युवक घायल हो गए। घटना जानी ढाबा, बडोरा के सामने करीब आधी रात को हुई। पुलिस के अनुसार, खाना खाने गए कुछ युवकों के बीच हुई छोटी सी कहासुनी अचानक हिंसक झगड़े में बदल गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अर्जुन पांसे ने कथित तौर पर अपने ही साथी परविंदर पिता गुरु नाम सिंह (22), निवासी जयप्रकाश वार्ड, पर चाकू से दो बार वार किया। गंभीर चोट पेट में लगने से परविंदर मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे आकाश पिता अरुण हल्दिया (21), निवासी सदर, के हाथ में भी चाकू लग गया।
घटना के बाद दोनों घायलों को दोस्तों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने परविंदर की स्थिति गंभीर पाकर उसे भोपाल रेफर कर दिया, जबकि आकाश का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान आकाश बिना सूचना दिए अस्पताल से निकल गया।
सूचना मिलते ही बैतूल बाजार पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि आरोपी अर्जुन पांसे घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया था। उसकी तलाश में दो पुलिस टीमें भेजी गई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार, झगड़े की कोई बड़ी वजह नहीं थी। फरियादी और आरोपी आपस में दोस्त हैं और रात को खाना खाने के बाद ढाबे के सामने सिगरेट पीते समय कहासुनी हो गई। इसी बहस ने गंभीर वारदात का रूप ले लिया।






