Betul Ki Khabar : बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक और बड़ा वारदात को अंजाम दिया है। इटावा गांव के 62 वर्षीय निरंजन साहू के बैंक खाते से ठगों ने 3 लाख 75 हजार रुपए उड़ा दिए। पीड़ित ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संदिग्ध लिंक बना ठगी का कारण
निरंजन साहू का बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बोरदेही शाखा में खाता है और वे फोन-पे ऐप के जरिए लेनदेन करते हैं। 23 नवंबर 2025 की शाम उन्हें व्हाट्सऐप पर आरटीओ विभाग के नाम से एक मैसेज मिला, जिसमें एक लिंक अटैच था। लिंक पर क्लिक करने के कुछ ही क्षणों बाद उनके खाते से लगातार पैसे कटने लगे। यूपीआई ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुछ मिनटों में कुल 3.75 लाख रुपए निकाल लिए गए।
घटना रविवार को हुई थी, जिसके चलते पीड़ित तुरंत बैंक से संपर्क नहीं कर पाए। बाद में संदिग्ध गतिविधि का पता चलते ही उन्होंने तत्काल बैंक स्टेटमेंट निकलवाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
निरंजन साहू ने बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेजों के साथ एसपी कार्यालय में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी रकम किन खातों में और किस माध्यम से ट्रांसफर की गई।
पीड़ित ने आरोपियों की पहचान कर राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही तकनीकी विश्लेषण के बाद ठगों तक पहुंचने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।






