Betul Crime News: बैतूल। गंज थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी में रविवार देर रात पुलिस ने नशीले पदार्थों की बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया। टीम ने उसके घर से करीब 375 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी स्थानीय बाजार में कीमत करीब 10 हजार रुपये आँकी गई है। गिरफ्तार महिला को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह पूरी कार्रवाई प्रशिक्षु डीएसपी सेफा हाशमी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से नशे का कारोबार चल रहा है, जिसके बाद टीम ने लगभग एक घंटे तक तलाशी अभियान चलाया।

छह पुड़ियों में रखी थी खेप
घर की तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग छह पुड़ियों में गांजा छिपाकर रखा मिला। मौके पर ही इसकी तस्दीक और वजन कराया गया।
पहले भी पकड़ी जा चुकी है महिला
पुलिस के अनुसार, यही महिला जुलाई 2024 में भी नशीले पदार्थ बेचने के मामले में सामने आई थी। उस समय उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चित हुआ था, लेकिन इसके बावजूद उसने दोबारा वही गतिविधि शुरू कर दी।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके संपर्क में कौन लोग शामिल हैं और गांजा बैतूल तक किस मार्ग से पहुँच रहा है। पुलिस ने सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने के लिए जांच तेज कर दी है।






