Betul Crime News : मुलताई। महीनों से पुलिस की पकड़ से बाहर घूम रहे लूट के प्रयास के दो इनामी आरोपियों को आखिरकार मुलताई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम और साइबर सेल की संयुक्त रणनीति अहम रही।
क्या था मामला
गायत्री एक्वा के पास रहने वाले 21 वर्षीय मयंक सोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 सितंबर 2025 की आधी रात वह अपने दोस्तों मानस चंदेल और करण पवार के साथ घर लौट रहा था। उसी दौरान पुरानी अशोक टॉकीज के पास चार संदिग्ध युवक दो स्कूटियों पर उनका पीछा करते दिखाई दिए। एक स्कूटी ज्यूपिटर (एमपी 48 एमजे 5231) थी, जबकि दूसरी एक्सेस बिना नंबर की बताई गई।
पीड़ितों का दावा था कि ये युवक सराफा दुकान से ही उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। पीछा करने के बाद एक आरोपी ने लोहे की रॉड से वार करने की कोशिश की, जबकि दूसरे ने करण पर कट्टा तान दिया। शोरगुल बढ़ने पर आसपास के लोग जाग गए, जिसके बाद हमलावर अपनी सफेद एक्सेस स्कूटी मौके पर छोड़कर भाग निकले।
पुलिस ने मयंक की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 944/2025 दर्ज कर धारा 309(5) और 312 बीएनएसएस के तहत प्रकरण विवेचना में लिया। इस प्रकरण के तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, जबकि दो मुख्य आरोपी फरार थे।
जबलपुर में बदलते रहते थे ठिकाने
फरार आरोपी अभिषेक उर्फ पप्पलू और उसका साथी सागर उर्फ विक्रम लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे थे। दोनों लगातार अपना लोकेशन बदल रहे थे और जबलपुर क्षेत्र में सक्रिय थे, जिस कारण पुलिस को कई दिनों तक उनकी ट्रैकिंग करनी पड़ी।
साइबर सेल की मदद से मिली लोकेशन
28 नवंबर को साइबर टीम ने दोनों की लोकेशन सिवनी रोड पर फुलारा टोल से करीब एक किलोमीटर आगे ट्रेस कर ली। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने छापामार कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। पूछताछ में उन्होंने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
हथियार भी मिले
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से
- एक देसी कट्टा
- एक जिंदा कारतूस
- और वारदात में उपयोग की गई लोहे की रॉड जब्त कर ली।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों पर पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






