Betul News: मुलताई। नगर के चल रहे मेले में शनिवार रात उस समय हंगामा मच गया, जब कथित बिजली वसूली को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। रात लगभग 10 बजे शुरू हुआ विवाद देखते-ही-देखते मारपीट में बदल गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और माहौल शांत कराया। हंगामे के बाद मेला तत्काल बंद करवा दिया गया।
वसूली को लेकर लंबे समय से विवाद
मेला संचालक विक्की कोडुकार की ओर से बिजली उपयोग के बदले वसूली किए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। बताया गया कि घटना से एक दिन पहले भी इसी मुद्दे पर दोनों समूहों में तनातनी हुई थी। शनिवार रात फिर से विवाद भड़का और आरोप है कि संजू, सोनू सहित कई लोगों ने विक्की कोडुकार पर हमला कर दिया।

दूसरा पक्ष बोला—मेले में अवैध रूप से वसूली हो रही थी
वहीं विरोधी पक्ष का कहना है कि वे मेले में बिजली की गैरकानूनी वसूली का विरोध कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ अपशब्द कहे गए और महिलाओं-बच्चियों के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप भी लगाया गया, जिसके बाद मामला हिंसा तक पहुंच गया।
पुलिस कर रही दोनों पक्षों से पूछताछ
दोनों पक्षों ने मुलताई थाने में शिकायतें दर्ज कराई हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस टीम मेले में रोज गश्त कर रही है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चल सके। उन्होंने कहा कि कुछ उपद्रवी माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसे लोगों पर अब सख्ती से निपटा जाएगा।






