Betul Accident News: बैतूल। बैतूल–इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-47) पर शनिवार तड़के हुए सड़क हादसे ने राहगीरों को दहला दिया। खापा जोड़ के पास सुबह लगभग 4:15 बजे ट्रैक्टर और अर्टिगा कार की आमने-सामने की टक्कर ने चार लोगों को घायल कर दिया। इनमें एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा
सूत्रों के अनुसार, ट्रैक्टर जीन शुगर मिल में गन्ना उतारने के बाद चिचोली दिशा में लौट रहा था। इसी दौरान इंदौर की ओर से आ रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से जा भिड़ी। कार में दो पुरुष, तीन महिलाएं और तीन बच्चे यात्रा कर रहे थे। यह परिवार इंदौर से नागपुर के ताजबाग स्थित बाबा ताजुद्दीन दरगाह की जियारत के लिए निकला था।
टक्कर का जोर इतना कि ट्रैक्टर के पहिए उखड़ गए
हादसा इतना जोरदार था कि ट्रैक्टर के दोनों आगे के पहिए टूटकर कई मीटर दूर जाकर गिरे। कार के केबिन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों में…
- साकिर खान — पैर और हाथ में गंभीर चोटें
- इम्तियाज बी, हीना बी, अय्यूब रिज़वी — सामान्य से मध्यम स्तर की चोटें पाई गईं
मौके पर बस ड्राइवर ने दिखाई तत्परता
हादसा देखने के बाद वहां से गुज़र रहे एक बस चालक ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को चिचोली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के बाद परिवार को इंदौर के लिए रवाना कर दिया गया।
ट्रैक्टर चालक फरार
टक्कर के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से गायब हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और हादसे की जांच जारी है।






