Betul Winter News: बैतूल में ठंड ने फिर बढ़ाई रफ्तार, रात का तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंचा

On: November 29, 2025 8:02 AM
Follow Us:

Betul Winter News: बैतूल जिले में बीते दो दिनों से सर्दी ने अचानक तेज़ी पकड़ ली है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान गिरकर 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह होते ही ठिठुरन का एहसास होने लगा। दिनभर भी हल्की ठंडक बनी रही और अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा।

दो दिनों में 7 डिग्री की गिरावट

पिछले सप्ताह बादलों की मौजूदगी और कम दबाव के कारण रातें अपेक्षाकृत गर्म थीं और न्यूनतम तापमान 16–17 डिग्री के आसपास बना हुआ था। लेकिन बुधवार के बाद मौसम का रुख बदला और तापमान ने तेजी से गिरावट शुरू कर दी। बुधवार-गुरुवार की रात जहां 16.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, वहीं अगले 24 घंटों में यह 12.5 डिग्री पर आ गया। शुक्रवार-शनिवार की रात तो पारा और फिसलकर 9.7 डिग्री तक पहुंच गया।

उत्तर से आ रही हवाओं का असर

उत्तर भारत में सक्रिय ठंडी हवाओं का असर बैतूल तक पहुंच रहा है। गुरुवार का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री था, जो शुक्रवार को घटकर 25.2 डिग्री रह गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी रात के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना जताई है।

मरीजों की संख्या बढ़ी

सर्दी बढ़ने का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. रानू वर्मा के मुताबिक, ओपीडी में मरीजों की संख्या 800 से बढ़कर करीब 1200 तक पहुंच गई है। उन्होंने नागरिकों को गर्म कपड़ों का उपयोग करने, बच्चों-बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने और ठंडे खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी है।

ठंड की इस नई लहर के चलते जिले में लोगों ने अब एक बार फिर सर्दियों की पूरी तैयारी शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment