Betul Crime News: मानसिक तनाव बना मौत की वजह? बेटे ने सिलबट्टा पटककर मां की हत्या

On: November 27, 2025 7:01 AM
Follow Us:

Betul Crime News: बैतूल। बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम डूडर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी माँ पर सिलबट्टा पटककर उनकी निर्मम हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना मंगलवार शाम को हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटे को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

गुस्से में आकर सिलबट्टे से किए कई वार

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम डूडर निवासी मंगेबाई उइके अपने बेटे दिलीप उइके (35) के साथ घर में थीं। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर माँ और बेटे के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आगबबूला दिलीप ने पहले माँ को धक्का दिया और फिर घर में रखा पत्थर का सिलबट्टा उठाकर उन पर कई बार वार किया, जिससे मंगेबाई की मौके पर ही मौत हो गई।

कुछ देर बाद जब रिश्तेदार युवराज इवने घर पहुँचे, तो उन्होंने मंगेबाई को खून से लथपथ पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आठनेर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मानसिक तनाव में था आरोपी

थाना प्रभारी विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया था। पुलिस ने रातभर उसकी तलाश की और बुधवार देर शाम ग्राम डूडर में घेराबंदी कर दिलीप उइके को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी दिलीप कुछ समय से मानसिक तनाव में था और अक्सर घर में विवाद करता था। माँ-बेटे के बीच रिश्ते पिछले कुछ महीनों से खराब चल रहे थे। आरोपी दिलीप उइके के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उसे आज गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment