Betul Ki Khabar: बैतूल। ग्राम बोदीजूनावानी के किसानों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और एक माह से खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर को तुरंत बदलने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि सिंचाई ठप होने से उनकी फसलें सूखने की कगार पर हैं और उन्हें भारी नुकसान का खतरा है।
63 एचपी ट्रांसफॉर्मर एक माह से बंद, शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में स्थापित 63 एचपी का ट्रांसफॉर्मर करीब एक महीने से खराब है। इसकी जानकारी कई बार लाइनमैन और बिजली विभाग को देने के बावजूद अब तक ट्रांसफॉर्मर बदला नहीं गया। किसानों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण उनकी रबी की फसलें प्रभावित हो रही हैं।
रबी सीजन में सिंचाई बंद, फसलें सूखने लगीं
किसानों ने बताया कि गेहूं की बुवाई चालू है और कई खेतों में पौध निकल चुकी है, जिन्हें नियमित सिंचाई की जरूरत है। लेकिन बिजली बंद रहने से ग्रामीण खेतों तक पानी नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इससे फसलें सूखने लगी हैं और नुकसान की आशंका बढ़ रही है।
100 एचपी ट्रांसफॉर्मर की मांग
भविष्य में इस तरह की समस्या न हो, इसलिए ग्रामीणों ने मौजूदा 63 एचपी के स्थान पर 100 एचपी का ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग भी ज्ञापन में रखी।
बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई और मवेशियों की देखभाल प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है और मवेशियों को भी समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन तेज करेंगे।






