Betul Suicide News: बैतूल। जिले के ग्राम रौंधा में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 40 वर्षीय व्यक्ति अपने घर में मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान दशरथ तिडगाम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दशरथ गले के कैंसर से पीड़ित था और आशंका जताई जा रही है कि उसने घातक पदार्थ का सेवन कर जान दे दी।
लंबे समय से बीमारी से परेशान था युवक
परिवार का कहना है कि दशरथ तीन साल से गले के कैंसर से जूझ रहा था और पाढर अस्पताल में उसका उपचार जारी था। स्वास्थ्य लगातार बिगड़ते रहने और इलाज से राहत न मिलने के कारण वह मानसिक रूप से बेहद दुखी और तनावग्रस्त रहने लगा था।
दो बेटों का पिता था मृतक
राजमिस्त्री का काम करने वाला दशरथ परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। दो छोटे बेटों की जिम्मेदारी और बीमारी का बोझ उसे लगातार परेशान कर रहा था। शनिवार सुबह करीब 7 बजे जब परिजन उसे उठाने पहुंचे, तो वह मृत पाया गया। बिस्तर के पास जहरीला पदार्थ मिलने के संकेत भी दिखे।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर बैतूल बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा तैयार कर शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






