Betul Accident News : बैतूल जिले के गंज थाना क्षेत्र के खेड़ला किला गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। खेत में खेल रहा सात वर्षीय मोहित ट्रैक्टर के बड़े टायर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर हालत में नाना उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गंभीर चोटें बनी हादसे का कारण
डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में मोहित के कान और नाक से खून बह रहा था और उसकी गर्दन की हड्डी भी टूट चुकी थी। मोहित रामकृष्ण स्कूल में KG-2 का छात्र था। परिवार इस घटना से पूरी तरह सदमे में है।
बयान अलग-अलग, ट्रैक्टर मालिक और चालक का सुराग नहीं
अस्पताल पुलिस चौकी ने जब परिजनों से पूछताछ की, तो उनकी तरफ से विरोधाभासी बयान सामने आए। कुछ लोग ट्रैक्टर से गिरने का दावा कर रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि बच्चा दौड़ते हुए ट्रैक्टर से टकराया। फिलहाल न तो ट्रैक्टर के मालिक की पहचान सामने आई है और न ही चालक का कोई पता चल सका है। पुलिस इन्हीं पहलुओं पर जांच आगे बढ़ा रही है।
परिवार की स्थिति, पिता बाहर काम पर
मोहित का परिवार मूल रूप से भैयावाड़ी थाना बोरदही का रहने वाला है। पिता तमिलनाडु में नौकरी करते हैं और मां मायके में रह रही है। दुखद घटना के बाद परिवार परिजनों को बुलाने में जुटा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस दुर्घटना के सटीक कारण और जिम्मेदारों की पहचान को लेकर जांच जारी रखे हुए है।






