Betul Crime News : बैतूल जिले में पुलिस ने अवैध गौ-तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला उजागर किया है। तस्करों ने इस बार 108 एंबुलेंस का इस्तेमाल करके कानून को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं पाए।
मासोद चौकी पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि मुलताई मार्ग से एक एंबुलेंस में बड़ी संख्या में गौवंश गैरकानूनी रूप से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे हैं। सूचना के बाद बिसनूर जोड़ पर पुलिस ने नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध एंबुलेंस दिखी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर गेहुँबारसा मार्ग की ओर भाग गया।
पुलिस ने पीछा किया, लेकिन संजू काकोडिया के घर के पास अंधेरे का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जब पुलिस ने एंबुलेंस की जांच की तो उसमें 10 गौवंश अमानवीय तरीके से ठूंसे हुए मिले, जिनकी हालत बेहद दयनीय थी। वाहन का नंबर एमएच 06 जे 9255 पाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन मवेशियों को वध के लिए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने एंबुलेंस और सभी पशुओं को कब्जे में लेकर गायत्री गौशाला बघोड़ा में सुरक्षित पहुंचाया। फरार चालक के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की कई धाराओं और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






