Betul Ki Khabar: बैतूल जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया जोरशोर से चल रही है। बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं और गणना प्रपत्रों को मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन अपलोड कर रहे हैं। इस डिजिटल अपलोडिंग में बैतूल जिला प्रदेश में शीर्ष पर पहुंच गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षत जैन ने प्रगति की समीक्षा करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले BLO की सराहना की।
सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा प्रतिदिन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में BLO के कार्यों का आकलन किया जा रहा है। मुलताई विधानसभा क्षेत्र-129 के मतदान केंद्र क्रमांक 194 के BLO सुभाष गाढरे ने 98.66% कार्यपूर्ण कर क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया है।
आमला विधानसभा क्षेत्र-130 में मतदान केंद्र क्रमांक 160 की BLO संगीता पवार 99.30% कार्य के साथ शीर्ष पर रहीं। इसी क्षेत्र में मतदान केंद्र 256 के BLO दीपक वर्मा ने 94.60% के साथ दूसरा स्थान और मतदान केंद्र 187 की BLO सुनिता कवड़े ने 96.30% कार्य कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र-132 में मतदान केंद्र 86 की BLO मेघना डाली ने 83.71% कार्य पूरा किया। भैंसदेही क्षेत्र के मतदान केंद्र 230 की BLO सुभद्रा 76.26% और बैतूल विधानसभा क्षेत्र-131 के BLO दीपक राव 48.21% कार्य के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ रहे।
कलेक्टर अक्षत जैन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने सभी BLO को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा में अपने कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करें और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले BLO से प्रेरणा लें।






