Betul Ki Khabar : बैतूल में गुरुवार को जिला महिला कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं को कथित रूप से धमकाने वाले बयान को लेकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने गंज स्थित ऑटो स्टैंड चौराहे पर मंत्री का पुतला जलाया और नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस की पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मंत्री विजय शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। यह आंदोलन शहर जिला अध्यक्ष मोनिका निरापुरे और ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा पेंड्राम के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहीं।

महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्री विजय शाह ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान “लाड़ली बहनों” को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनके अनुसार, मंत्री ने कहा था कि जो महिलाएं मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार का सम्मान नहीं करेंगी, उन्हें मिलने वाली सम्मान निधि नहीं बढ़ेगी और उनकी पात्रता की जांच रोक दी जाएगी।

महिला कांग्रेस ने इस बयान को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की आज़ादी पर चोट करती है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मंत्री पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो विरोध प्रदर्शन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।






