Weather Update Betul : बैतूल में गर्मी का कहर, पारा फिर पहुंचा 43 डिग्री पर

Follow Us:

Weather Update Betul : बैतूल। जिले में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को बैतूल का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में दूसरी बार है। इससे पहले 27 अप्रैल को भी तापमान 43 डिग्री तक पहुंचा था। करीब 20 दिन बाद एक बार फिर तेज गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। शाम 5 बजे तक गर्म हवाओं और तेज तपिश का असर बना रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग को उठानी पड़ रही है।

12 मई के बाद तेजी से बढ़ा तापमान

पिछले दो सप्ताह में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन 12 मई के बाद गर्मी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। 14 मई को तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया था, जो 18 मई को बढ़कर 43 डिग्री तक पहुंच गया।

अगर तारीखवार तापमान पर नजर डालें तो 5 मई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री था। इसके बाद 9 मई को 40.2, 12 मई को 42 और 18 मई को 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान की ओर से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है।

मौसम विभाग और विभिन्न वेदर एजेंसियों के अनुसार अगले सात दिनों तक बैतूल में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप पड़ेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 19 और 20 मई को तापमान करीब 41 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है, जबकि सप्ताह के अंत तक मामूली गिरावट हो सकती है। हालांकि गर्म हवाओं का असर लगातार बना रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment