Train Technical Fault : घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस के पहियों से उठा धुआं, मची अफरा-तफरी

Follow Us:

Train Technical Fault : घोड़ाडोंगरी। नागपुर रेल मंडल के घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस (12791) के S-7 स्लीपर कोच के पहियों से अचानक धुआं उठने लगा। घटना रात करीब 9:48 बजे की है। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों ने कोच के नीचे से तेज धुआं निकलता देखा, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया और कई यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए।

मौके पर गश्त कर रहे आरपीएफ जवान आंतरिक शर्मा ने तत्काल स्थिति की जानकारी डिप्टी स्टेशन अधीक्षक को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्टेशन पर उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर तथा पेंट्री कार के अग्निशमन उपकरणों की मदद से गर्म पहियों की कूलिंग शुरू की गई। आरपीएफ पोस्ट बैतूल प्रभारी राजेश बनकर ने बताया कि कर्मचारियों की तत्परता से स्थिति पर जल्द काबू पा लिया गया।

19 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन

घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तकनीकी जांच कर ब्रेक पैड को सामान्य स्थिति में लाया। पूरी सुरक्षा जांच के बाद रात 10:07 बजे ट्रेन को सुरक्षित आगे रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 19 मिनट तक घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर खड़ी रही।

घाट सेक्शन में ब्रेक बाइंडिंग बनी वजह

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह घटना “ब्रेक बाइंडिंग” के कारण हुई। मरामझिरी, धाराखोह और घोड़ाडोंगरी के घाट सेक्शन में लगातार ढलान होने से ट्रेनों में बार-बार ब्रेक लगाना पड़ता है। लगातार घर्षण के चलते पहिए और ब्रेक पैड अत्यधिक गर्म हो जाते हैं, जिससे धुआं उठने लगता है।

गर्मी में सामान्य तकनीकी स्थिति

तकनीकी जानकारों के मुताबिक, गर्मी के मौसम में आधुनिक कंप्यूटराइज्ड ब्रेक सिस्टम में इस तरह की स्थिति कई बार बन जाती है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई शारीरिक या आर्थिक नुकसान नहीं पहुंचा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment