Tapti Sarovar News : मुलताई। नगर के प्रमुख आस्था केंद्र ताप्ती सरोवर में मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद नियमों का उल्लंघन लगातार सामने आ रहा है। बीती रात अज्ञात लोगों द्वारा सरोवर में जाल डालकर मछलियों का शिकार करने की कोशिश की गई। सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और जाल जब्त कर लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ लोग रात के अंधेरे में सरोवर में जाल डालकर मछलियों का शिकार कर रहे हैं। सरोवर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद ऐसी घटनाएं रुक नहीं रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
नगर पालिका के सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरोवर की पवित्रता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में रोष
ताप्ती सरोवर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां मछलियों को मारना लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। भाजपा पार्षद एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गडेकर ने घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
