बस स्टैंड के पीछे संदिग्ध हालत में मिला शव, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
RTO Ground Betul : बैतूल शहर के बस स्टैंड के पीछे स्थित पुराने आरटीओ ग्राउंड में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया।
शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने उसकी शिनाख्त नरेश कुमार के रूप में की। मृतक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी बच्चू सिंह बंजारा का बेटा बताया जा रहा है। वह भैंसदेही में रुका हुआ था और कपड़े का व्यापार करता था।
पुलिस को मृतक की जेब से एक बस टिकट, कुछ दस्तावेज और एक कीपैड मोबाइल फोन मिला है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का शव मैदान में संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ था। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। उसने नीली जींस और सफेद शर्ट पहन रखी थी तथा चेहरे पर दाढ़ी थी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि युवक की अंतिम गतिविधियों और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में लोग मामले के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।
