NH 47 Fire News : नेशनल हाईवे-47 पर चलते ट्रक में भीषण आग, मक्के का पाउडर जलकर खाक

Follow Us:

NH 47 Fire News : बैतूल। जिले के चिचोली के पास नेशनल हाईवे-47 (गवासेन फोरलेन) पर शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे एक चलती ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। छिंदवाड़ा से मक्के का पाउडर (डीओसी) लेकर गुजरात जा रहा ट्रक देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया और पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि चालक और क्लीनर ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

इंजन से धुआं उठते ही रोका वाहन
जानकारी के अनुसार, ट्रक छिंदवाड़ा से बैतूल होते हुए इंदौर मार्ग से गुजरात की ओर जा रहा था। गवासेन के पास चालक हनुमंता को अचानक इंजन से धुआं उठता दिखाई दिया। उसने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया, लेकिन कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही चिचोली नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक में भरा मक्के का पाउडर पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। फायर कर्मचारी विक्की बागड़े के अनुसार, समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास कोई बड़ा हादसा टल गया।

तकनीकी खराबी की आशंका
हादसे में चालक और क्लीनर सुरक्षित हैं। चिचोली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह इंजन में तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment