Multai News : मुलताई। नगर की कचरा खंती में फैली अव्यवस्था और बदबू से परेशान नागरिकों की शिकायतों के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया है। शनिवार को सीएमओ वीरेंद्र तिवारी और सब इंजीनियर महेश शर्मा ने कचरा खंती का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर ही जेसीबी मशीन लगवाकर कचरे को व्यवस्थित कराया और सुलग रही आग को बुझवाया। कचरे में आग लगने से उठ रहे धुएं और प्रदूषण को लेकर स्थानीय लोगों ने लगातार शिकायतें की थीं, जिससे आसपास के रहवासियों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी।
धुएं और प्रदूषण पर जताई नाराजगी
सीएमओ ने मौके पर अव्यवस्थाओं को देखकर नाराजगी जताई और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि कचरा प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित निगरानी और वैज्ञानिक तरीके से कचरे के निष्पादन पर जोर दिया।
स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी तेज
आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए नगर पालिका ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। जल्द ही केंद्रीय टीम निरीक्षण के लिए मुलताई पहुंच सकती है। ऐसे में कचरा खंती को व्यवस्थित करना प्राथमिकता में रखा गया है, ताकि नगर की रैंकिंग बेहतर हो सके।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सूखा और गीला कचरा अलग-अलग दें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं। अधिकारियों का कहना है कि जनसहयोग से ही मुलताई को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।
