Multai Fire Incident : मुलताई। बैतूल रोड स्थित ड्रीमलैंड सिटी में शनिवार तड़के एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में करीब दो लाख रुपए से अधिक की सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:04 बजे अमित पवार की साईंनाथ बिल्डिंग मटेरियल दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल दुकान संचालक और नगर परिषद के फायर ब्रिगेड दल को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे मोटर पंप, नोजल पाइप, कंप्यूटर सिस्टम, वाहन टायर तथा अन्य व्यापारिक सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही नगर परिषद का फायर ब्रिगेड दल मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड कर्मचारी मनोज कवड़े, दीपक अहिरवार और विजय बड़घरे ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
दुकान संचालक अमित पवार ने बताया कि आग में मोटर पंप, पाइप, कंप्यूटर सिस्टम, टायर सहित अन्य सामग्री जलकर क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं नुकसान का विस्तृत आकलन भी किया जा रहा है। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
