Multai Encroachment News : मुलताई में मुख्य मार्ग पर बढ़ता अतिक्रमण, कार्रवाई पर उठे सवाल; विरोध के चलते लौटना पड़ा नपा अमले को

On: March 12, 2026 7:46 AM
Follow Us:

Multai Encroachment News : मुलताई। नगर के मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका की कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं। आंग्ल स्कूल और भाजपा कार्यालय के सामने सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों और ठेलों को हटाने में नगर पालिका अब तक सफल नहीं हो पाई है। हालात यह हैं कि दिन-ब-दिन अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है, जिससे सड़क संकरी होती जा रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

भाजपा कार्यालय के सामने तीन दर्जन दुकानों का अतिक्रमण

स्थानीय लोगों के अनुसार भाजपा कार्यालय के ठीक सामने करीब तीन दर्जन लोगों ने अस्थायी दुकानें और ठेले लगा लिए हैं। इन दुकानों के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इस मार्ग से नगर पालिका के सीएमओ वीरेंद्र तिवारी का भी रोजाना कई बार आना-जाना होता है, इसके बावजूद सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

मुख्य सड़क पर दुकानों से बढ़ा हादसों का खतरा

मुख्य सड़क पर दुकानें लगने से कई बार यातायात बाधित हो जाता है। यहां से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे दुकानें लगने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और यहां कई छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं।

विरोध के चलते लौटना पड़ा नपा अमले को

बुधवार को नगर पालिका का अमला अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंचा था। टीम ने दुकानदारों को हटने के लिए कहा, लेकिन इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने के कारण नगर पालिका की टीम को बिना कार्रवाई किए ही वापस लौटना पड़ा।

जल्द हटाया जाएगा अतिक्रमण: नपा

उप राजस्व निरीक्षक संतोष शिवहरे ने बताया कि नगर पालिका की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर गई थी, लेकिन लोगों के विरोध के चलते अमले को वापस लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोबारा कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने भी नगर पालिका अमले को अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक निर्देश देने की बात कही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment