Betul News : बैतूल में अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान शुरू, तीन जोन में चल रही कार्रवाई

On: April 19, 2026 7:53 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल, 19 अप्रैल 2026। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद ने रविवार से विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय के निर्देश पर फल, सब्जी और अन्य अस्थायी दुकानों को चिन्हित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए शहर को तीन जोन—कोठी बाजार, गंज और सदर—में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ दुकानदारों के पुनर्व्यवस्थापन का कार्य कर रही हैं।

गंज क्षेत्र में परशुराम चौक, कॉलेज रोड, बाबू चौक और नंदी चौक से हटाए गए विक्रेताओं को गंज प्राथमिक शाला की खाली जमीन पर स्थानांतरित किया जा रहा है। यहां कुशल मालवीय के नेतृत्व में व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं।

वहीं कोठी बाजार जोन के गणेश चौक, कमानी गेट, थाना चौक, बस स्टैंड और नगर पालिका गेट से हटाए गए दुकानदारों को ज्योति टॉकीज के सामने टंकी के पास स्थित खाली भूमि पर व्यवस्थित किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी सुभाष प्रजापति संभाल रहे हैं।

सदर क्षेत्र के नेहरू पार्क चौक, कारगिल चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महाजन चौक से हटाए गए विक्रेताओं को सदर बैल बाजार की खाली जमीन पर शिफ्ट किया जा रहा है। इस क्षेत्र में कार्रवाई उमेश साहू के नेतृत्व में जारी है।

पूरे अभियान की निगरानी के लिए राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते को नोडल अधिकारी और राजस्व उपनिरीक्षक अखिलनीलकण्ठ राय को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। राजस्व विभाग की टीमें भी मौके पर तैनात हैं।

कार्रवाई के दौरान पहले अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी गई, जिसके बाद कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपना सामान हटा लिया। आवश्यक होने पर सख्ती बरतने के लिए जेसीबी मशीन भी मौके पर रखी गई है।

नगर पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील की है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment