Multai Crime News : मुलताई क्षेत्र से बहला-फुसलाकर ले जाई गई एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
थाना प्रभारी नरेंद्र परिहार के अनुसार 8 मार्च 2026 को एक महिला ने मुलताई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी नाबालिग बेटी 6 मार्च की सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुलताई पुलिस ने तुरंत अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम
नाबालिग से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बालिका की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी सघन तलाश अभियान चलाया गया।
प्रभात पट्टन क्षेत्र से मिली बालिका
लगातार प्रयासों और प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 10 मार्च 2026 को प्रभात पट्टन क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार, उपनिरीक्षक दिनेश कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक हुकुमचंद बिल्लोरे, प्रधान आरक्षक दिनेश बर्डे, प्रधान आरक्षक पुष्पा धुर्वे, आरक्षक कमलेश डेहरिया, आरक्षक लक्ष्मीचंद और आरक्षक डुमलेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ तत्परता से कार्रवाई करती रहेगी तथा ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






