Missing Children Found : बैतूल। जिले में चलाए गए ‘मुस्कान अभियान’ के तहत बैतूल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अप्रैल माह में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 34 गुमशुदा नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलवाया। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, जिले में दर्ज कुल 68 गुमशुदगी मामलों में से इन बच्चों को खोज निकाला गया। बरामद किए गए बच्चे गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, दिल्ली और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से वापस लाए गए हैं। इस सफलता में अंतरराज्यीय समन्वय और तकनीकी विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
18 थानों की टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
अभियान के दौरान जिले के 18 थानों की पुलिस टीमों ने अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार फील्ड सर्च ऑपरेशन चलाए। संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ काम करते हुए पुलिस ने कम समय में यह उपलब्धि हासिल की।
एसपी ने टीम को किया सम्मानित
बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने इस सफलता पर सभी पुलिस टीमों की सराहना की और उन्हें पुरस्कृत किया। उन्होंने बताया कि शेष गुमशुदगी मामलों में भी तेजी से कार्रवाई जारी है और जल्द ही सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
नागरिकों से अपील
एसपी जैन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के गुम होने की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। पुलिस का मानना है कि जागरूकता और सतर्कता से ही ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
