District Hospital Inspection : जिला अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 14 प्रभारी डॉक्टरों की सैलरी काटने के निर्देश

On: May 11, 2026 10:47 AM
Follow Us:

District Hospital Inspection : बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के कई वार्डों में प्रभारी चिकित्सक अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद नहीं मिले, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई।

कलेक्टर ने ओपीडी, जनरल वार्ड, डायलिसिस यूनिट, पीआईसीयू, आईसीयू, एसएनसीयू, मेटरनिटी वार्ड, पीएनसी वार्ड, एएनसी वार्ड एवं आर्थोपेडिक वार्ड सहित विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान आर्थोपेडिक वार्ड को छोड़कर अधिकांश वार्डों में प्रभारी डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। जानकारी के अनुसार निरीक्षण के समय डॉ. प्रदीप धाकड़, डॉ. वंदना धाकड़, डॉ. रोहित पराते एवं डॉ. तरुण साहू अस्पताल में मौजूद नहीं मिले, जबकि डॉ. कृतिका और डॉ. विनोद बर्डे अवकाश पर थे।

लापरवाही को गंभीर मानते हुए कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने 14 प्रभारी चिकित्सकों का एक दिन का वेतन काटने तथा सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लेबर वार्ड की दो स्टाफ नर्स एवं सोनोग्राफी वार्ड के एक असिस्टेंट द्वारा गलत जानकारी दिए जाने पर उन्हें भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। कई लोगों ने डॉक्टरों की अनुपस्थिति और व्यवस्थाओं में कमी की शिकायत भी की।

बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन संसाधनों और स्टाफ की कमी के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। इसके बावजूद कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे, आरएमओ रानू वर्मा एवं डॉ. रूपेश पद्माकर भी मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment