CRPF Retired Jawan Case : बैतूल में रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान बाबूराव सातनकर हत्याकांड में गंज पुलिस ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2024 को हमलापुर निवासी विशाल सातनकर ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बरसाली और लाखापुर के कुछ लोगों ने उनके पिता बाबूराव सातनकर के साथ खेत की मेढ़ के विवाद को लेकर लाठी-डंडों और पाइप से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल बाबूराव सातनकर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। बताया गया कि करीब 10 से 12 वर्ष पहले भी इसी विवाद को लेकर गोलीबारी और मारपीट की घटना हो चुकी थी। बाबूराव सातनकर सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान थे और वर्ष 2014 में रिटायर हुए थे।
गंज पुलिस ने मामले में इससे पहले ओमप्रकाश उर्फ नानू यादव, फुलचंद उर्फ पिल्लू करोचे और नवीन उर्फ नवीन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। अब पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी संजय यादव को चिचोली क्षेत्र के देवठान इलाके से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी संजय यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर मेढ़ विवाद को लेकर बाबूराव सातनकर के साथ मारपीट करना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद किया गया है।
फिलहाल गंज पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
