Child Death in Accident : धौल गांव में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाजार में मचाई तबाही, 5 वर्षीय दिव्यांशी की मौत

On: May 14, 2026 11:47 AM
Follow Us:

Child Death in Accident : बैतूल जिले के धौल गांव में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के धौल गांव की है, जहां बालिका अपने पिता और भाई के साथ बाजार करने पहुंची थी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृत बालिका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान दिव्यांशी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दिव्यांशी अपने पिता श्रवण और भाई सुमित के साथ बाजार में सब्जी खरीद रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गया। ट्रैक्टर ने पहले बालिका को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद एक सब्जी की दुकान में जा घुसा। हादसे में कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

ग्रामीणों और परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल दिव्यांशी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

मृतका के चाचा सहित ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बाजार के लिए निर्धारित स्थान होने के बावजूद हाट बाजार सड़क पर लगाया जाता है, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे बाजार लगाए जाने पर रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment