Betul Road Accident : अमदर मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा, PHE कर्मचारी की मौत; साथी गंभीर रूप से घायल

Follow Us:

Betul Road Accident : बैतूल-आठनेर मार्ग पर सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अमदर मोड़ के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घायल कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है।

विभागीय कार्य से कोलगांव जा रहे थे कर्मचारी

मृतक की पहचान 32 वर्षीय राजेश वसुले निवासी हीवरखेड़ के रूप में हुई है। वे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मैकेनिकल विंग में समयपाल पद पर पदस्थ थे और वर्तमान में बैतूल में कार्यरत थे। राजेश वसुले बैतूल बाजार के तिलक वार्ड पार्षद विजय पानकर के दामाद भी थे।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात राजेश वसुले अपने साथी कर्मचारी हिमांशु मगरदे के साथ विभागीय कार्य से कोलगांव जा रहे थे। वहां पेयजल व्यवस्था के लिए बोरिंग मशीन का काम चल रहा था और दोनों कर्मचारी उसी कार्य की निगरानी के लिए निकले थे।

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर

इसी दौरान अमदर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की। कोलगांव निवासी प्रकाश कसारे अपनी कार से दोनों को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद राजेश वसुले को मृत घोषित कर दिया।

घायल कर्मचारी नागपुर रेफर

हादसे में गंभीर रूप से घायल 31 वर्षीय हिमांशु मगरदे को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उन्हें आगे के उपचार के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि मृतक राजेश वसुले मूल रूप से विदिशा में पदस्थ थे और बाद में उन्हें बैतूल में संलग्न किया गया था। उनकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उनकी एक छोटी बेटी भी है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

घटना के बाद राजेश वसुले के शव का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात कार चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

विभाग और जनप्रतिनिधियों में शोक

हादसे की जानकारी मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और शुभचिंतक जिला अस्पताल पहुंचे। राजेश वसुले की असमय मौत से विभागीय कर्मचारियों और परिचितों में शोक का माहौल है।

PHE विभाग की मैकेनिकल शाखा के एसडीओ प्रकाश धुर्वे ने बताया कि राजेश वसुले बेहद मेहनती और जिम्मेदार कर्मचारी थे। सोमवार रात भी वे पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्य की निगरानी के लिए कोलगांव जा रहे थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment