Betul Road Accident : बैतूल जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बीती रात उस समय हुआ, जब पति-पत्नी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। घायल महिला का जिला अस्पताल के आईसीयू में इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीका बर्री निवासी मदन पिता खड्डी यूईके (45) अपनी पत्नी सुनीता के साथ बाइक से शादी समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों को बोरदही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात में एंबुलेंस की सहायता से दोनों को बैतूल जिला अस्पताल लाया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मदन को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी सुनीता की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि उनके सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।
मृतक मदन खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी समेत पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।
