Betul Post Office : भारतीय डाक विभाग द्वारा बैतूल जिले में आधार कार्ड बनवाने और उसमें सुधार कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। छिंदवाड़ा डाक संभाग के अंतर्गत आने वाले डाकघरों के आधार केंद्रों में 25 और 26 मई को यह विशेष आधार अपडेशन अभियान आयोजित किया जाएगा।
अभियान के तहत नए आधार पंजीकरण के साथ-साथ नाम, पता और अन्य जानकारी में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर और ईमेल लिंकिंग जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
डाक विभाग के अनुसार, इस अभियान के लिए टोकन वितरण 22 मई से शुरू हो गया है। नागरिक अपने नजदीकी डाकघर पहुंचकर टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
विशेष अभियान के दौरान बैतूल प्रधान डाकघर के अलावा कोठीबाजार उपडाकघर, बैतूल गंज उपडाकघर, आठनेर उपडाकघर, सारणी उपडाकघर, पाथाखेड़ा उपडाकघर, दुनावा उपडाकघर, मुलताई उपडाकघर, भैंसदेही उपडाकघर, चिचोली उपडाकघर और शाहपुर उपडाकघर में भी आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
इन केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कार्य किया जाएगा, जबकि प्रधान डाकघरों में आधार सेवाएं रात 8 बजे तक संचालित रहेंगी।
डाक विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर आधार से जुड़े लंबित कार्य समय पर पूर्ण कराएं।
