आठनेर के अंबा भवानी मंदिर में सात दिवसीय धार्मिक आयोजन सम्पन्न
Betul News : आठनेर नगर के बाजार चौक स्थित प्रसिद्ध अंबा भवानी मंदिर में 7 मई से प्रारंभ शतचंडी महायज्ञ का समापन गुरुवार को पूर्णाहुति के साथ श्रद्धा और भक्ति भाव के बीच सम्पन्न हुआ। सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, करीब दो करोड़ रुपए की लागत से निर्मित भव्य मंदिर में वास्तु पूजन, कलश स्थापना, नवीन प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। महाराष्ट्र के देहुलगांव राजा से पहुंचे धर्माचार्य पंडित गोविंदराव मेहुलकर एवं अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी अनुष्ठानों को विधिवत सम्पन्न कराया।
मंदिर के शिखर पर कलश स्थापना के लिए वृंदावन से ब्रह्मचारी महाराज विशेष रूप से पहुंचे थे। शतचंडी महायज्ञ को लेकर मंदिर परिसर सहित नगर के प्रमुख मार्गों को आकर्षक सजावट से सजाया गया था। पूरे शहर में नवरात्र जैसा भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
आयोजन में जिले सहित महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गुरुवार को पूर्णाहुति के बाद महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता अम्बा भवानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महायज्ञ के समापन अवसर पर बाजार चौक में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यहां हजारों श्रद्धालुओं को बैठाकर खीर-पूड़ी, चने की सब्जी और पुलाव की भोजन प्रसादी वितरित की गई। दोपहर दो बजे से ही भंडारा प्रारंभ कर दिया गया था।
आयोजन समिति के अनुसार, नगर के नागरिकों ने भंडारा प्रसादी तैयार करने और व्यवस्था बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। मां अम्बा भवानी को 56 व्यंजनों का भोग अर्पित कर सबसे पहले कन्या पूजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारा शुरू किया गया।
