Betul News : अब ब्लॉक स्तर पर होगी जनसुनवाई, शुरुआत मुल्ताई से

On: May 24, 2026 12:09 PM
Follow Us:

Betul News : बैतूल जिले में आम लोगों को जिला मुख्यालय तक आने में होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने अब ब्लॉक स्तर पर जनसुनवाई आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत मुल्ताई से की जा रही है।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवने ने बताया कि अगली जनसुनवाई मुल्ताई में आयोजित होगी, जिसमें वे स्वयं उपस्थित रहेंगे। अन्य स्थानों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। वहीं, जिला मुख्यालय बैतूल में मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई में अपर कलेक्टर मौजूद रहेंगी।

कलेक्टर ने कहा कि मुल्ताई तहसील क्षेत्र बड़ा होने के कारण प्रभात पट्टन और महाराष्ट्र सीमा से लगे गांवों के लोगों को शिकायत लेकर जिला मुख्यालय पहुंचने में काफी समय और खर्च उठाना पड़ता है। साथ ही क्षेत्र में राजस्व संबंधी शिकायतों की संख्या भी अधिक है। इन्हीं कारणों को देखते हुए अधिकारियों को मुल्ताई में जनसुनवाई आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार, जिले में जनसुनवाई को लेकर लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। पूर्व कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के कार्यकाल में जहां औसतन करीब 100 आवेदन आते थे, वहीं अब हर जनसुनवाई में सैकड़ों लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं।

कलेक्टर डॉ. सोनवने ने बताया कि अब हर महीने कम से कम एक जनसुनवाई किसी न किसी ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान का अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रशासन लगातार मैदानी क्षेत्रों का दौरा कर रहा है और रात्रि चौपाल के माध्यम से भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment