घोड़ाडोंगरी में हुआ हादसा, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
Betul News : बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला शिक्षिका की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह घर में कपड़े सुखा रही थीं। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सीमोरी में पदस्थ थीं शिक्षिका
मृतका की पहचान 40 वर्षीय राधिका पटैया के रूप में हुई है। वे आठनेर रोड बडोरा की निवासी थीं और सीमोरी में प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ थीं। परिजनों के अनुसार, राधिका पटैया जनगणना कार्य पूरा करने के बाद शुक्रवार को अपनी बड़ी बहन लक्ष्मी चौहान के घर घोड़ाडोंगरी आई थीं।
कपड़े सुखाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच राधिका पटैया घर में कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल उन्हें घोड़ाडोंगरी अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
घोड़ाडोंगरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बैतूल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में पसरा मातम
मृतका के पति का नाम दुर्गेश पटैया है। परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
