आंगनवाड़ी में भोजन व्यवस्था पर कार्रवाई, सड़क-चेकडैम और बिजली सुधार के निर्देश
Betul News : बैतूल जिले के आठनेर ब्लॉक के सुदूर ग्राम छिन्दवाड़ में शुक्रवार रात कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में जल, सड़क, बिजली, शिक्षा और जनकल्याण योजनाओं से जुड़ी शिकायतों पर कलेक्टर ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान मोरुढाना आंगनवाड़ी में नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन नहीं मिलने की शिकायत सामने आई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने तथा भोजन व्यवस्था देख रहे स्व-सहायता समूह को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। वहीं प्लासपानी के जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत के लिए प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया।
3 किलोमीटर सड़क निर्माण और वाटरशेड प्लान बनेगा
ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने मोरुढाना ग्राम में 3 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही माडू नदी के कैचमेंट क्षेत्र का सर्वे कर पंचायत को चेकडैम और बैराज निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। पूरे छिन्दवाड़ ग्राम के लिए व्यापक वाटरशेड प्लान तैयार किया जाएगा।
7 गांवों में 32 किलोमीटर फीडर सेपरेशन लाइन
ग्रामीणों ने स्कूल के सामने से गुजर रही ट्रांसफार्मर लाइन से खतरे की आशंका जताई। इस पर एमपीईबी अधिकारियों को लाइन शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग से अनुमति मिलते ही क्षेत्र के 7 गांवों में 32 किलोमीटर लंबी फीडर सेपरेशन लाइन का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।
दिव्यांग का बनेगा आधार कार्ड
रात्रि चौपाल में दिव्यांग बलराम दुलीचंद ने आधार कार्ड नहीं बन पाने की समस्या रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि एफआरए पट्टाधारियों को ई-टोकन पोर्टल के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
