Betul Ki Khabar : Betul में बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी और नगर पालिका के ट्रेंचिंग ग्राउंड मामले को लेकर शुक्रवार को District Congress Committee के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरना प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक Nilay Daga के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ोतरी वापस लेने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए की बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि पहले मिलने वाली 400 से 500 रुपए तक की सब्सिडी भी बंद कर दी गई है, जिससे आम जनता पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया है।
कांग्रेस ने गैस सिलेंडर पर फिर से सब्सिडी शुरू करने की मांग की।

ट्रेंचिंग ग्राउंड मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका के गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई। उनका आरोप है कि कचरा निपटान के नाम पर बिना कचरा हटाए ही करीब 2 करोड़ 14 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया।
नेताओं का कहना है कि इस मामले में सीएमओ और सब इंजीनियर को निलंबित किया गया है, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष और सहायक यंत्री पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

नाले का मॉडल बनाकर जताया विरोध
धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए नाले का प्रतीकात्मक मॉडल बनाया और उससे गैस निकलने का दृश्य प्रस्तुत कर बढ़ती गैस कीमतों के खिलाफ आक्रोश जताया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इस दौरान संगठन प्रभारी बृज पांडे, समीर खान, मोनिका निरापुरे, पुष्पा पंद्राम, प्रशांत राजपूत, हर्षवर्धन धोटे, विजय आर्य, संजय सरदार यादव, मोनू बड़ोनिया, राजकुमार दिवान, लोकेश पगारिया, जगदीश गोचरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







