Betul Fire News : बर्राढाना गांव में भीषण आग, 15 से अधिक मकान जलकर खाक, गांव का 90% हिस्सा प्रभावित

Follow Us:

Betul Fire News : बैतूल। जिले की भीमपुर तहसील के मोहदा क्षेत्र के बर्राढाना गांव में शनिवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। तेज आंधी और हवाओं के बीच खाना बनाते समय उठी चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते आग पूरे गांव में फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि 15 से अधिक मकान जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आकर गांव का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हुआ है, जिससे भारी नुकसान हुआ है। कई परिवारों का पूरा सामान जलकर खाक हो गया।

सिलेंडर फटने से बढ़ी भयावहता
आग के दौरान कई गैस सिलेंडर फटने की भी सूचना सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सिलेंडर फटने की घटनाओं ने आग को और अधिक भयानक बना दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

मवेशी और वाहन भी जले
इस हादसे में कई मवेशियों के जलने की खबर है, वहीं दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

दमकल पहुंचने में देरी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद तक प्रशासन और फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सके। भैंसदेही, चिचोली और बैतूल से दमकल को सूचना दी गई, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण राहत कार्य में देरी हुई। समाचार लिखे जाने तक दमकल के मौके पर पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी थी।

पुलिस मौके पर, नुकसान का आकलन जारी
मोहदा थाने से एसआई रामस्वरूप रघुवंशी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आ सका है। प्रशासन की टीम के पहुंचने और जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment