Betul Death News : बैतूल। जिले में शुक्रवार की रात तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दो मामलों में सड़क हादसों ने मजदूरों की जान ले ली, जबकि तीसरी घटना में पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली। तीनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
पहली घटना बाघवाड़ सोमवारी के पास की है, जहां शुक्रवार शाम मजदूरी कर लौट रहे 23 वर्षीय गोलू (पुत्र जगन उइके) को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना परिजन को फोन के जरिए मिली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का छोटा भाई ऋषि भी मजदूरी करता है।
शादी से लौटते वक्त मिली लाश
दूसरी घटना गोंदी गोला क्षेत्र की है। यहां 23 वर्षीय रोशन (पुत्र पिंटू टेकाम) देर रात शादी समारोह से लौटते समय गांव के पास सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला। वह बाइक पर अकेला था। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोशन अपने मजदूर माता-पिता का सहारा था और परिवार में एक बहन भी है।
पारिवारिक विवाद के बाद जहर पीकर दी जान
तीसरी घटना चिचोली थाना क्षेत्र के सेहरा गांव की है। यहां 35 वर्षीय राजकुमार (पुत्र शिवराम) ने पारिवारिक विवाद के चलते जहर पी लिया। जानकारी के अनुसार, वह खेत से लौटने के बाद कुएं में मोटर डालने के लिए अपनी मां से 3 हजार रुपए मांग रहा था। पैसे न मिलने पर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद उसने खरपतवार नाशक दवा पी ली। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक तीन बेटियों और एक बेटे का पिता था।
पुलिस कर रही जांच
तीनों मामलों में अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने जिले में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।





