Betul Crime News : बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। करपा और चंदोरा गांवों के बीच गुरुवार रात हुए हादसे के बाद अज्ञात चोरों ने दुर्घटनाग्रस्त कार के तीन टायर और बाइक की बैटरी चोरी कर ली। घटना का पता शुक्रवार सुबह तब चला, जब वाहन चालक वापस मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी अनिल गुरुवार रात कार से मुलताई क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान करपा और चंदोरा गांव के बीच उनकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में अनिल को हल्की चोटें आईं, जबकि बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
रात अधिक होने और घायल होने के कारण दोनों वाहन सड़क किनारे ही छोड़ दिए गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल उपचार के लिए चले गए थे।
सुबह पहुंचे तो कार के टायर गायब मिले
शुक्रवार सुबह जब वाहन चालक वापस घटनास्थल पर पहुंचे, तो कार के तीनों पहिए गायब मिले। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक की बैटरी भी चोरी हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
ग्रामीणों ने बढ़ाई पुलिस गश्त की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुलताई क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। सड़क हादसों के बाद लावारिस या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टायर और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें मिलती रही हैं।
ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मामले में पुलिस थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच शुरू कर सकती है।
