Betul Crime News : शराब के पैसे नहीं देने पर बेटे ने की पिता की हत्या

On: May 10, 2026 11:11 AM
Follow Us:
खेड़ी चौकी क्षेत्र के चुनालोमा में पत्थर से हमला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Betul Crime News : बैतूल जिले की खेड़ी पुलिस चौकी अंतर्गत चुनालोमा के पोहा ढाना में एक बेटे ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपने पिता की पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। आरोपी अनिल उइके (32) ने अपने पिता सत्तू उइके से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए अनिल ने पास में पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सत्तू उइके की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

शनिवार सुबह गांव में सत्तू उइके का शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खेड़ी चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी बेटे अनिल उइके से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का जिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब का आदी था और अक्सर घर में पैसों को लेकर विवाद करता था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment