Betul Crime News : बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 4.783 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जब्त गांजे की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बगडोना हवाई पट्टी के पास दो युवक गांजा बेचने के लिए खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी जंगल की ओर भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू धुर्वे (38) निवासी बगडोना बस्ती, थाना सारणी के रूप में हुई है। उसके पास से 2.908 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना सारणी में अपराध क्रमांक 146/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई राखड़ डेम पार्किंग क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक गांजा बेचने के लिए खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख फरीद पुत्र शेख शहीद निवासी नगर पालिका के पास, सारणी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 1.875 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 147/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में सरवन पुत्र फुलकर परते निवासी ढुमकाढाना छतरपुर, सारणी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
